Ballia : वित्तीय व्यय में सीयर ब्लॉक मंडल में अव्वल, 48 ब्लॉकों को पछाड़ा, प्रमुख आलोक सिंह ने कही ये बात…

बलिया। आजमगढ़ मंडल के आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित पंचायती राज विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक में बलिया जनपद के सीयर ब्लॉक ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्रीय वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग से विकास कार्यों के लिए प्राप्त धनराशि के व्यय में आजमगढ़ मंडल के सभी 48 ब्लॉकों में सीयर ब्लॉक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
मंडलीय समीक्षा बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार सीयर ब्लॉक ने समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से विकास कार्यों पर निर्धारित धनराशि का उपयोग कर यह उपलब्धि हासिल की। सीयर ब्लॉक के इस प्रदर्शन को प्रशासनिक स्तर पर सराहा गया।
विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह ने कहा कि उन्होंने शुरू से ही सीयर ब्लॉक को मंडल का सबसे विकसित ब्लॉक बनाने का संकल्प लिया है। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि पंचायत भवनों के निर्माण, ग्रामीण सड़कों, नाली-खड़ंजा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास में प्राप्त धनराशि का सही और प्रभावी उपयोग किया गया है, जिसका परिणाम आज सामने है।
आगे भी जारी रहेगी विकास की रफ्तार
आलोक सिंह ने स्पष्ट किया कि सीयर ब्लॉक में विकास कार्यों की गति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विकसित सीयर ब्लॉक मेरी प्राथमिकता है और विकास ही मेरी पहचान है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राम प्रधानों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही यह सफलता संभव हो सकी है। मंडलीय स्तर पर सीयर ब्लॉक को मिली यह उपलब्धि न सिर्फ बलिया जनपद बल्कि पूरे आजमगढ़ मंडल के लिए उदाहरण मानी जा रही है।

