
रोशन जायसवाल,
बलिया। नगरपालिका बलिया के चेयरमैन संत कुमार मिठाई लाल ने लखनऊ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से गले मिलकर बलिया में कराए जा रहे विकास कार्यों पर बधाई दी और जिले के समग्र विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा की।
गौरतलब है कि बीते कुछ माह पूर्व ददरी मेला के आयोजन को लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और चेयरमैन संत कुमार के बीच मतभेद की चर्चा आम हो गई थी। यही नहीं, परिवहन मंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट कटहल नाला सुंदरीकरण के भूमि पूजन कार्यक्रम में चेयरमैन की अनुपस्थिति ने भी इन अटकलों को और हवा दी थी। इससे आमजन के बीच यह धारणा बन गई थी कि दोनों के बीच अब भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।
हालांकि, लखनऊ में मंत्री के आवास पर हुई इस मुलाकात और आत्मीय अभिवादन के बाद सभी चर्चाओं पर विराम लग गया। इस मुलाकात को लेकर बलियावासियों में भी सकारात्मक संदेश गया है और लोगों को उम्मीद जगी है कि अब आपसी समन्वय के साथ जिले के विकास कार्य और तेज गति से आगे बढ़ेगा।

