
बलिया। जमुना राम मेमोरियल स्कूल के प्रांगण में गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम बड़े हर्षाेल्लास एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजा एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था के अध्यक्ष प्रोफेसर धर्मात्मानंद ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता एवं मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए संविधान में दिए गए प्रावधानों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने सभी को भावविभोर कर दिया। हरियाणवी नृत्य, “मां से ही माटी” थीम पर आधारित प्रस्तुति, “पधारो मारे देश”, कव्वाली, उत्तर-पूर्व भारत का प्रसिद्ध बिहू नृत्य तथा योग प्रदर्शन ने दर्शकों की खूब प्रशंसा बटोरी। गरबा एवं भांगड़ा नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “वराह रूपम” नृत्य एवं कथकली प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने सभी आगंतुकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारीगण का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में कोऑर्डिनेटर नीतू मिश्रा एवं अरविंद चौबे की विशेष सहभागिता रही।

