
बैरिया (बलिया)। खेत से घर जा रहे 12 वर्षीय बालक को पिकअप ने राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर मठ योगेंद्र गिरी के निकट मंगलवार को रौंद दिया। जिससे मौके पर ही बालक की मौत हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है। मौके से चालक को गिरफ्तार किया गया है।
मंगलवार को मठ योगेंद्र गिरी नई बस्ती निवासी विजय शंकर राम का 12 वर्षीय पुत्र अंशु राम अपने खेत से अपने घर जाने के लिए जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर चढ़ा उसी समय मांझी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे धक्का मार दिया। जिससे वह खून से लथपथ हो गया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से घायल बालक को पिकअप चालक सोनू तिवारी ग्राम संडीला जनपद छपरा बिहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया, और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
मृत बालक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं आसपास के लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर आए दिन हो रहे दुर्घटना पर मौके पर सड़क पर जाम कर हंगामा किया, किंतु पुलिस के समझाने बुझाने के बाद लोग वापस चले गए।
इस संदर्भ में पूछने पर प्रभारी निरीक्षक बैरिया विपिन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक को गिरफ्तार कर लिया है। विधि सम्मत कार्रवाई हो रही है।

