Asarfi

उत्तर प्रदेश : घर में घुसकर चार लोगों की हत्या, दंपती, पुत्रवधू और नातिन की मिली खून से सनी लाशें

width="500"

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार को सनसनीखेज घटना सामने आई। दिनदहाड़े घर में घुसकर एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नगला प्रेमी में सोमवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर जानलेवा हमला किया गया। इसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसको भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


मोहल्ला नगला प्रेमी निवासी गंगा सिंह (75 साल) के घर में सोमवार को जानलेवा हमला किया गया। दिनदहाड़े घर में घुसकर चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। हमले में गंगा सिंह, उनकी पत्नी 70 वर्षीय श्यामा देवी, पुत्रवधू 42 वर्षीय रत्ना और नातिन 20 वर्षीय ज्योति की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो खून से सने शव बेड और फर्श पर पड़े थे।


श्याम देवी का सिर फटा हुआ था। अन्य शव भी खून से लथपथ थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से चार लोगों की हत्या की गई है। दिनदहाड़े चार लोगों की हत्या से क्षेत्र में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर जांच में जुटे हैं।

ऐसे हुई घटना की जानकारी
गंगा सिंह का 10 वर्षीय नाती देवांश सोमवार को स्कूल से लौटा। उसने घर का दरवाजा खटखटाया तो कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद गेट खोलकर अंदर घुस गया। वहां जाकर देखा सामने वाले कमरे में बाबा गंगा सिंह शाक्य मृत अवस्था में पड़े थे। इसके अलावा दादी श्यामा देवी, मां रत्ना और बड़ी बहन ज्योति पहली मंजिल पर खून से लथपथ पड़े हुए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता पांडे ने बताया कि घटनास्थल पर कोतवाली नगर पुलिस के अलावा डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम व अन्य थानों का पुलिस बल भी बुलाया गया। घटना की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है। पुलिस की टीम मोहल्ले में आसपास के घरों में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *