Asarfi

Ballia : 940 ग्राम पंचायतों में 1.08 लाख नए मतदाता बढ़े, गांव-गांव बिछने लगी पंचायत चुनाव की सियासी बिसात

width="500"

बलिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर चलाए गए वृहद पुनरीक्षण अभियान के तहत पंचायत निर्वाचक नामावली के ड्राफ्ट का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इसके बाद से ही जिले के गांव-गांव में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी 17 ब्लॉकों और 940 ग्राम पंचायतों में जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के संभावित उम्मीदवार सक्रिय हो गए हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क शुरू कर दिया है।


ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद कई ग्राम पंचायतों में प्रभावशाली लोगों के नाम कटने से हलचल बढ़ गई है। ऐसे मतदाता अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची को लेकर 30 दिसंबर तक आपत्ति दर्ज कराने का समय निर्धारित किया गया था, जिसके तहत जनपद में आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है।


आंकड़ों पर नजर डालें तो जनपद में पहले की मतदाता सूची में कुल 25 लाख 36 हजार 824 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण अभियान के दौरान 3 लाख 80 हजार 182 नए मतदाता सूची में जोड़े गए, जबकि मृतक और डुप्लीकेट पाए जाने पर 2 लाख 71 हजार 637 मतदाताओं के नाम हटाए गए। इस तरह जिले की 940 ग्राम पंचायतों में कुल 1 लाख 8 हजार 545 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है।


अब जनपद के 17 ब्लॉकों में कुल 26 लाख 45 हजार 369 मतदाता 940 ग्राम प्रधानों के साथ-साथ क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव के बाद रसड़ा कला और नगरा को नगर पंचायत बनाए जाने के चलते ग्राम पंचायतों की संख्या 948 से घटकर 940 रह गई थी। इसके साथ ही क्षेत्र पंचायत के 33 वार्ड, ग्राम पंचायत सदस्य के 113 वार्ड और जिला पंचायत का एक वार्ड भी कम हो गया था।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पंचायत निर्वाचक नामावली के ड्राफ्ट का अंतिम प्रकाशन हो चुका है। इसके बाद जो भी आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, उनका नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। जिन मतदाताओं के नाम सूची से कटे हैं, उनकी अलग सूची उपलब्ध कराई गई है। संबंधित लोग अपने क्षेत्र के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई करा सकते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *