
बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया जब स्टेज पर बैठी दुल्हन को गोली मार दी गई। घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जब परिवार और मेहमान खुशी के माहौल में शादी की रस्में निभा रहे थे। इसी दौरान दुल्हन आरती कुमारी को उसके कथित प्रेमी ने गोली मार दी, जिससे समारोह में अफरातफरी मच गई। आरती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक 18 वर्षीय आरती कुमारी अपने होने वाले पति के साथ स्टेज पर बैठी थीं। परिवार के सदस्य और मेहमान स्टेज के सामने मौजूद थे। एक युवती, जिसे आरती की बहन बताया जा रहा है, रस्म के तहत दूल्हे के माथे पर सिंदूर लगा रही थी और फिर आरती की ओर बढ़ी। तभी सामने खड़े मेहमानों की भीड़ में से एक युवक ने अचानक पिस्तौल निकालकर फायर कर दिया। गोली आरती के पेट में जा लगी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दीनबंधु के रूप में हुई है, जो आरती का पड़ोसी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था और इसी वजह से घटना को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल आरती को तुरंत नजदीकी सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिवार के अनुसार यहीं इलाज के दौरान आरती की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आरती की बारात बलिया जिले से आई थी, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।

