
नगरा (बलिया)। तीन ग्राम पंचायतों नगरा, चचयां और भंडारी को मिलाकर गठित नगर पंचायत नगरा ने छह वर्ष पूरे कर लिए हैं। नगर पंचायत बनने के बाद क्षेत्र में विकास को लेकर लोगों में जगी उम्मीद अब धीरे-धीरे हकीकत में बदलती दिख रही है, हालांकि कुछ बुनियादी सुविधाओं की कमी अभी भी बनी हुई है।
नगर पंचायत बनने के बाद वार्डों में नाली, सड़क निर्माण, आवास और शौचालय जैसे कार्यों में तेजी आई है। मुख्य मार्गों पर नियमित सफाई, हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था से नगर का स्वरूप बदला है। वर्तमान में दो कूड़ा निस्तारण केंद्र, कान्हा गोशाला और अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि एक अंत्येष्टि स्थल बनकर तैयार हो चुका है। नगरोदय योजना के तहत विवाह घर भी स्वीकृत हो चुका है, जिसका निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

इसके बावजूद नगरा बाजार में अब तक सार्वजनिक शौचालय और मूत्रालय की व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों, महिलाओं और युवतियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं दो दशक पूर्व बनी पानी की टंकी अब तक उपयोग में नहीं आ सकी है, जिससे लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
नपं अध्यक्ष के नेतृत्व में विकास कार्यों को मिली गति
नगर पंचायत अध्यक्ष इंदु देवी के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति देने का प्रयास जारी है। नगर पंचायत के अनुसार वार्ड संख्या 6 भंडारी, वार्ड 13 स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर और वार्ड 10 थाना परिसर में शौचालय का निर्माण कर लोकार्पण किया जा चुका है। वार्ड 5, 8 और 10 में नए शौचालय प्रस्तावित हैं, जिनका निर्माण स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा।
बाजार क्षेत्र के घोसी रोड, सिकंदरपुर मार्ग और रसड़ा मार्ग पर महिला-पुरुष मूत्रालय स्वीकृत हो चुके हैं, जिनका निर्माण 15 अप्रैल के बाद शुरू होने की संभावना है। वार्ड 5 में अंत्येष्टि स्थल बनकर तैयार है, जबकि वार्ड 14 में निर्माण जारी है और वार्ड 13 में सुंदरीकरण प्रस्तावित है।
पंचफेडवा पोखरे का चारों ओर निर्माण कार्य पूरा
इसके अलावा वार्ड 4 चचया स्थित पोखरे के एक हिस्से का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्सों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। वार्ड 10 पंचफेडवा पोखरे का चारों ओर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, केवल सुंदरीकरण कार्य शेष है। वार्ड 14 में कान्हा गोशाला और दो मैटेरियल रिकवरी सेंटर का निर्माण भी प्रगति पर है। वार्ड 12 को छोड़कर लगभग सभी वार्डों में नाली और सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
सभी वार्डों में समान रूप से विकास करना मेरा लक्ष्य
नगर पंचायत अध्यक्ष इंदु देवी ने कहा कि नगर के सभी 14 वार्डों का समान रूप से विकास करना उनका लक्ष्य है और किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा जरूरत के अनुसार नाली और संपर्क मार्ग बनाए जा रहे हैं। बाजार में शीघ्र ही शौचालय और मूत्रालय निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि 13 मई को उनके कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे हो जाएंगे और इस अवधि में नगर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं।

