
बलिया। शहर के जापलिगंज, बेदुआ, यारपुर, कृष्णानगर और निहोरा के निवासियों ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने शराब की दुकान अन्यत्र स्थानिांतरण करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन डीएम प्रतिनिधि को सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके मोहल्लों से शहर बाजार जाने का एकमात्र रास्ता बेदुआ बंधा मार्ग है। इसी मुख्य मार्ग और उसके आसपास देशी शराब, बीयर और अंग्रेजी शराब की दुकानें स्थित हैं। इन दुकानों पर दिन-रात शराबियों की भीड़ लगी रहती है। इन शराबियों द्वारा रास्ते से गुजरने वाले नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और लड़कियों पर छींटाकशी की जाती है। वे सभ्य पुरुषों और लड़कों के साथ भी बेवजह उलझते रहते हैं, जिससे माहौल खराब होता है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि वे कई वर्षों से इन दुकानों को मुख्य मार्ग से हटाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले 40 सालों में इन मोहल्लों में शराब पीने से लगभग 200 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें अधिकांश युवा थे। ग्रामीणों ने पहले भी जिलाधिकारी को इस संबंध में पत्रक दे चुके है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वे धरना प्रदर्शन और उसके बाद अनशन करने को बाध्य होंगे।

