
बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया के अध्यक्ष ने नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 में शीश महल के पीछे राज्य पंद्रहवां वित्त आयोग से निर्मित वेडिंग जोन/चटोरी गली में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। अध्यक्ष ने एक सप्ताह के भीतर दुकानों के आवंटन हेतु विज्ञापन प्रकाशित कराने का आदेश अधिशासी अधिकारी को दिया है।
निर्देशानुसार दुकानों का आवंटन आधुनिक कार्ट में विभिन्न प्रकार के जलपान एवं फास्ट फूड की दुकानें संचालित करने वाले आवेदकों को वरीयता के आधार पर किया जाएगा। इसके साथ ही नगर में विज्ञापन कर से संबंधित निविदा प्रक्रिया, कार्यालय पत्रावलियों तथा कर संग्रहण के लिए कराए जा रहे जीआईएस सर्वे के कार्य को भी सप्ताह के अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में अध्यक्ष नगर पालिका परिषद संत कुमार मिठाई लाल ने बताया कि नगर की यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत अनुपयोगी पड़ी गलियों को वेडिंग जोन में परिवर्तित करने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा इनका निर्माण कराया गया है। वार्ड नंबर 18 में बने वेडिंग जोन में चटोरी गली की तर्ज पर दुकानों का आवंटन किया जाएगा, जिसमें केवल आधुनिक कार्ट के माध्यम से व्यवसाय करने की अनुमति दी जाएगी।

