
मयूरी सिंह की रिपोर्ट,
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार, 17 फरवरी 2026 से देशभर में शुरू हो गईं। सुबह 10रू30 बजे से विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर छात्रों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दी। पहले दिन केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन के व्यापक इंतजाम देखने को मिले।
इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षा में 25,08,319 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा में 18,59,551 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 43,67,870 छात्र इस बार बोर्ड परीक्षा में बैठ रहे हैं।
सीबीएसई के अनुसार कक्षा 10 की परीक्षाएं 10 मार्च 2026 तक चलेंगी, जबकि कक्षा 12 की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएंगी। देशभर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, उड़नदस्ता टीमों और केंद्र अधीक्षकों की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई जा रही है।
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ और छात्रों के चेहरों पर आत्मविश्वास स्पष्ट दिखाई दिया। कई छात्र-छात्राओं ने बताया कि उन्होंने पूरे वर्ष नियमित तैयारी की है और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा दे रहे हैं।
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, धैर्य और मेहनत की वास्तविक परीक्षा भी है। यह लाखों छात्रों के सपनों की पहली बड़ी सीढ़ी है।
विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे तनाव से दूर रहें, समय का सही प्रबंधन करें और अपने आत्मविश्वास को मजबूत बनाए रखें। रिजल्ट एक पड़ाव है, अंतिम मंजिल नहीं। निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।

