
बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला और क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा के पर्यवेक्षण में सहतवार पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार वादिनी ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका देवर बाजार से लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा, लात-घूंसों और लोहे की रॉड से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में सहतवार थाने में मुकदमा संख्या 28/2026 धारा 105, 110, 115(2), 352, 351(3) बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी विशाल पटेल उर्फ पुतुल (27) निवासी वार्ड नंबर 7 कस्बा सहतवार को जिन बाबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।

