
बलिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होने वाली है। परीक्षा के लिए कुल 132 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें पांच राजकीय विद्यालय, 69 एडेड व 58 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले से कुल 1.19 लाख 487 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 57865 परीक्षार्थी हैं। जिनमें 30918 बालक, 26944 बालिकाएं और तीन ट्रांसजेंडर परीक्षार्थी शामिल हैं।

वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 59509 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 32812 बालक और 26697 बालिकाएं हैं। इसके अलावा 2113 परीक्षार्थी व्यक्तिगत श्रेणी के हैं। पिछली परीक्षा में 1.26 लाख 757 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इस बार 7270 परीक्षार्थी कम हुए हैं। परीक्षा मेें लगभग 5500 कक्ष निरीक्षक लगेंगे।

बोर्ड परीक्षा की कापियों और प्रश्न पत्र को स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। स्ट्रांग रूम पर 24 घंटे पुलिस का भी पहरा रहेगा। परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में ही कंट्रोल रूम बनाया गया है। पिछले वर्ष भी यही व्यवस्था थी। पिछली परीक्षा में जिले के केंद्रों पर छह जोन और 25 सेक्टर में बांटा गया था।

