
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र में रविवार की रात ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, फेफना थाने में तैनात उपनिरीक्षक शंकर सिंह यादव (45) और हेड कांस्टेबल प्रमोद यादव (50) फेफना-बलिया मार्ग पर कस्बा तिराहे के पास स्थित पुलिस पिकेट पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। रविवार रात करीब आठ बजे बक्सर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर दोनों पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मारते हुए निकल गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। चिकित्सकों के अनुसार, उपनिरीक्षक शंकर सिंह यादव को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि हेड कांस्टेबल प्रमोद यादव की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।
फेफना थाना प्रभारी विश्वदीप सिंह ने बताया कि घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रेलर चालक और वाहन को हिरासत में ले लिया है। मामले में पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

