Ballia : दो दिन से लापता मासूम का शव सरजू नदी में मिला, गांव में मातम

बलिया। मनियर थाना क्षेत्र के नवका गांव निवासी राजमंगल बिंद का 2 वर्षीय पुत्र निशांत शुक्रवार सुबह से लापता था। रविवार दोपहर उसका शव बांसडीह कोतवाली थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर ठोकर के पास सरजू नदी में उतराया मिला। शव की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और निशांत की शिनाख्त की। इसके बाद शव को गांव ले आए। सूचना पर तहसीलदार बांसडीह नितिन कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता दिलाई।

बताया जा रहा है कि निशांत शुक्रवार सुबह करीब 7ः30 बजे दरवाजे पर खेलते समय अचानक गायब हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। शाम को मनियर पुलिस को सूचना दी गई। शनिवार को पुलिस की पहल पर एनडीआरएफ टीम ने सरजू नदी में करीब पांच घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
रविवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी मनियर कौशल कुमार पाठक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

