
बलिया। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को पकड़ी थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना भवन, परिसर स्थित मेस एवं बैरकों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना मालखाना तथा कार्यालय के महत्वपूर्ण रजिस्टरों, अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, एचएस रजिस्टर, महिला उत्पीड़न, हत्या/बलवा, गुमशुदगी एवं पासपोर्ट रजिस्टरकृका गहन अवलोकन किया। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और समयबद्ध अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।
महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा
महिला हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई तथा रजिस्टरों की प्रविष्टियों की जांच की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने शिकायतकर्ताओं के दर्ज मोबाइल नंबरों पर वार्ता कर पुलिस कार्रवाई के संबंध में फीडबैक भी लिया और संवेदनशील मामलों के त्वरित निस्तारण पर बल दिया।

कंप्यूटर कक्ष एवं सीसीटीएनएस की जांच
कंप्यूटर/सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मचारियों को पंजीकरण, गिरफ्तारी, संपत्ति जब्ती, ऑनलाइन केस डायरी एवं जीडी की समय से फीडिंग करने तथा नियमित डाटा सिंक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऑनलाइन आईजीआरएस से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण कर जांच आख्या अपलोड करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कोई भी प्रार्थना पत्र लंबित न रहे और जनपद की रैंकिंग बेहतर बनी रहे।
सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे संचालित रखने के निर्देश
थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया गया कि किसी भी स्थिति में उनकी विद्युत आपूर्ति बाधित न हो। बिजली जाने की स्थिति में जनरेटर अथवा इनवर्टर से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
‘यक्ष’ ऐप को अद्यतन रखने पर जोर
एआई आधारित ‘यक्ष’ ऐप को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म अपराधियों की रियल-टाइम निगरानी, फेस रिकग्निशन, वॉयस सर्च एवं गैंग विश्लेषण जैसी सुविधाओं से युक्त है, जिससे अपराध नियंत्रण प्रणाली को मजबूती मिलती है।
साइबर अपराध के प्रति जागरूकता
साइबर अपराध जैसे हैकिंग, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी एवं ऑनलाइन उत्पीड़नकृके प्रति पुलिसकर्मियों एवं आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
आईआरएडी ऐप एवं 112 इवेंट की समयबद्ध फीडिंग
सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं को आईआरएडी ऐप पर फोटो सहित समय से अपलोड करने तथा डायल 112 पर प्राप्त शिकायतों के इवेंट क्लोजर की फीडिंग निर्धारित समय में करने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के अंत में थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुसंगठित रख-रखाव, कंप्यूटर उपकरणों तथा शस्त्रागार में रखे शस्त्रों की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

