
शिवदयाल पांडेय मनन,
बैरिया (बलिया)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ के उप निरीक्षक फयाजुद्दीन सिद्दीकी व बैरिया पुलिस टीम ने कुल 471 पेटी अंग्रेजी शराब व बियर बुधवार की रात बीएसटी बंधे के नीचे जयप्रकाश नगर भवन टोला के पास से उसे समय बरामद किया।जब बिहार तस्करी के लिए गंगा नदी के किनारे दो पिकअप पर लाद कर शराब और बियर बिहार भेजने के लिए जा रहा था।
उक्त शराब और बियर की कीमत लगभग 23 लाख रुपए बताई जा रही है। इस मामले में नौ लोगों पर संबंधित धाराओं में बैरिया थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें दो वाहन चालक सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर दोनों पिकअपो को कब्जे में ले लिया है। जबकि शेष लोगों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी से मिली जानकारी के अनुसार एसटीएफ को यह सूचना मिली थी कि नदी के रास्ते बिहार शराब और बीयर की तस्करी हो रही है। गिरफ्तारी और छापेमारी के लिए मुखबीरों को सक्रिय कर एसटीएफ की टीम व बैरिया की पुलिस टीम बुधवार की रात भवन टोला बीएसटी बंधे पर पहुंच गई थी। तभी उन्हें सामने से दो पिकअप आती दिखाई दी। जो बीएसटी बंधे से भवन टोला उतरकर गंगा के तरफ जा रही थी। वही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर दोनों पिकअप को रोक लिया। जांच करने पर दोनों में अंग्रेजी शराब और बीयर भरा हुआ था। इसके बाद दो पिकअप चालक धर्मजीत भारती निवासी हुसेनाबाद थाना बासडीह व करण कुमार साहु निवासी बैरिया के अलावा पिंटू प्रसाद बहादुरपुर बलिया को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दोनों पिकअप को शराब सहित जब्त कर लिया गया।
चालकों के बयान पर छह लोगों पर मुकदमा दर्ज
चालकों के बयान के आधार पर उक्त के अलावा सुमित कुमार सिंह बैरिया गोदाम, सुनील उर्फ राजा गुप्ता बैरिया गोदाम, अमरजीत सिंह भवन टोला, गौतम सिंह भवन टोला, अजय अग्निहोत्री वाहन स्वामी कल्याणपुर कानपुर व पंकज कुमार वाहन स्वामी रामपुर उदयभान बलिया के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मौके पर नहीं आए आबकारी निरीक्षण
थाने में दोनों पिकअप की तलाशी लेने पर 246 पेटी विभिन्न ब्रांडों के अंग्रेजी शराब व 225 पेटी बियर कुल 471 पेटी बरामद किया गया। सभी की मात्रा कुल 4852.2 लीटर है। जिसका मूल्य लगभग 23 लाख रुपए है। इस घटना के बाद शराब के तस्करों में खलबली मच गई है। वही हैरान कर देने वाली बात यह है कि एसटीएफ के उप निरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के बार-बार बुलाने पर भी आबकारी निरीक्षक मनोज यादव मौके पर नहीं आए। उन्होंने मौके पर आने में असमर्थता जताई और इस मामले में स्थानीय पुलिस से सहयोग लेने को कहा।
मौके पर आबकारी निरीक्षक का नहीं आना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस कार्यवायी मे प्रभारी निरीक्षक बैरिया आरपी सिंह,चौकी इंचार्ज चांददियर श्याम प्रकाश मिश्र, चौकी इंचार्ज जय प्रकाश नगर मयंक कुमार सहित भारी फोर्स की सहभागिता रही।

