
शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
बलिया। आगामी होली और रमजान के मद्देनजर जनपद में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए बलिया पुलिस अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख इलाकों में पैदल मार्च किया।
रविवार की रात एसपी ने बलिया शहर, रेलवे स्टेशन और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस टीम के साथ भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन और व्यापारियों से संवाद कर त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

इसके अलावा जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त की जा रही है। पुलिस टीमों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह किया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

