You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Asarfi

Ballia : बाहर की दवा लिखने पर जिला अस्पताल के 32 चिकित्सकों को नोटिस

width="500"

बलिया। जिला चिकित्सालय में मरीजों को बाहर की दवा लिखे जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमएस डॉ. एसके यादव ने 32 चिकित्सकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस के माध्यम से सभी चिकित्सकों को सख्त ताकीद की गई है कि यदि वे प्राइवेट प्रैक्टिस या किसी भी प्रकार के अनधिकृत कार्य में संलिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बाहर की दवा लिखने पर भी नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


माले नेता लक्ष्मण यादव ने दो फरवरी को जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर जिला अस्पताल में व्याप्त दुर्व्यवस्था को दूर कराने की मांग की थी। पत्रक में आरोप लगाया गया था कि इमरजेंसी कक्ष में ड्यूटीरत ईएमओ छोटी पर्ची पर बाहर की दवा लिखते हैं। अस्पताल में दवा उपलब्ध होने के बावजूद तीमारदारों से बाहर की दवा मंगाई जाती है। बिना विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह के ही मरीजों को रेफर कर दिया जाता है, जबकि काल-डे चिकित्सक का परामर्श लेना भी उचित नहीं समझा जाता। आरोप यह भी था कि सीएमएस सब कुछ जानते हुए भी अनजान बने हुए हैं। छह सर्जन तैनात होने के बाद भी मेजर ऑपरेशन नहीं किए जाते और चिकित्सक केवल छोटे ऑपरेशन तक ही सीमित हैं।


जिलाधिकारी ने पत्रक का संज्ञान लेते हुए सीएमओ और सीएमएस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस संबंध में जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. एसके यादव ने बताया कि जिला अस्पताल में शासन की ओर से करीब 300 से अधिक प्रकार की दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके बावजूद यदि कोई चिकित्सक बाहर की दवा लिखता है तो यह स्पष्ट रूप से कार्रवाई का विषय है। इसी को लेकर जिला अस्पताल के सभी चिकित्सकों को बाहर की दवा न लिखने के निर्देश के साथ नोटिस जारी किया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *