Asarfi

Ballia : चलती बुलेट में लगी आग, चालक व साथी ने कूदकर बचाई जान

width="500"

बलिया। शहर के चित्तू पाण्डेय रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब फाटक खुलने के बाद एक बुलेट बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी। आग की तेज लपटों के कारण आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


जानकारी के अनुसार खेजुरी थाना क्षेत्र के जिगिड़सर रामनगर निवासी अमित अपने साथी किशोर पीयूष चौहान के साथ बलिया रेलवे स्टेशन से बाइक से अपने गांव जा रहे थे। रास्ते में चित्तू पाण्डेय रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने के कारण उन्होंने अपनी बुलेट बाइक बंद कर दी थी और ट्रेन गुजरने का इंतजार करने लगे। अमित ने बताया कि फाटक खुलने के बाद जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट की, अचानक उसमें आग लग गई। आग लगते ही अमित और पीछे बैठे पीयूष चौहान ने तत्काल बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धू कर जलने लगी।


घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी व्यक्ति बाइक के पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और लोगों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बुलेट बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। घटना के कारण कुछ देर के लिए क्रॉसिंग के पास यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *