
बलिया। श्री जमुना राम पीजी कॉलेज, चितबड़ा गांव में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन मंगलवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम राय के निर्देशन में आयोजित इस शिविर की शुरुआत प्रातःकालीन योग एवं प्रार्थना से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा।
समापन अवसर पर स्वयंसेवकों ने बीते छह दिनों में किए गए कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा स्वास्थ्य एवं पोषण जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान शिविर के उद्देश्यों और उपलब्धियों को विस्तार से बताया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने एनएसएस की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास होता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. शौकत खान एवं प्राचार्य डॉ. अंगद प्रसाद गुप्ता ने भी शिविर की सराहना करते हुए छात्रों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. विपिन कुमार गुप्ता, डॉ. राकेश कुमार गुप्ता, डॉ. आशुतोष उपाध्याय सहित कई शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन बृजेश गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विपिन कुमार गुप्ता ने दिया।

