Ballia : भृगु मंदिर कॉरिडोर निर्माण को लेकर मंदिर समितियों संग संयुक्त बैठक, मुख्य गर्भगृह यथावत रखने पर सहमति

दो दिन में लिखित सहमति व सुझाव देने का आश्वासन
बलिया। धार्मिक भृगु मंदिर कॉरिडोर के निर्माण को लेकर प्रशासन की ओर से भृगु मंदिर कमेटी और चित्रगुप्त मंदिर कमेटी के साथ संयुक्त वार्ता आयोजित की गई। बैठक में मुख्य गर्भगृह को यथावत रखते हुए शेष सभी संरचनाओं को नए सिरे से भव्य स्वरूप देने पर सहमति बनी, ताकि प्रस्तावित कॉरिडोर का ऐतिहासिक, पौराणिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व स्थापित किया जा सके।
बैठक में मंदिर परिसर के समग्र विकास, श्रद्धालुओं की सुविधा, सौंदर्यीकरण तथा मूल धार्मिक स्वरूप की रक्षा जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि मुख्य गर्भगृह को किसी प्रकार से प्रभावित नहीं किया जाएगा, जबकि आसपास की अन्य संरचनाओं को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
अधिकारियों ने दोनों समितियों से इस संबंध में लिखित सहमति देने का अनुरोध किया। इस पर कमेटी पदाधिकारियों ने दो दिवस के भीतर अपनी लिखित सहमति एवं सुझाव उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में भृगु मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शिव कुमार मिश्रा, चित्रगुप्त मंदिर कमेटी के महामंत्री विनोद श्रीवास्तव, शिव शिव कुमार कोशिकीय सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही राजस्व विभाग, नगरपालिका तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि कॉरिडोर निर्माण से मंदिर परिसर का समुचित विकास होगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रशासन सभी पक्षों की सहमति से कार्य को आगे बढ़ाएगा।

