
बैरिया (बलिया)। साइकिल खरीदने की जिद लिए दो दिन पूर्व घर से नाराज होकर स्कूल गई किशोरी खुशी यादव 14 वर्ष का शव मांझी के जयप्रभा सेतु के नीचे सरयू नदी में उतराया हुआ मिला। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र मे सनसनी फैल गयी। स्थानीय लोगों के सूचना पर चांद दियर पुलिस के साथ परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों द्वारा पहचान करने के बाद चांद दियर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय भेज दिया है।
दोकटी थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव निवासी सोहन यादव की 14 वर्षिय पुत्री कुमारी खुशी यादव टोला शिवन राय कंपोजिट विद्यालय में कक्षा 8 की छात्रा थी। रोज ही पैदल घर से डेढ़ किलोमीटर दूर पढ़ने के लिए स्कूल जाती थी। पिता किसी शहर में प्राइवेट नौकरी करते हैं। खुशी गांव मे दो छोटे भाइयों के साथ रहती थी। वह रोज अपनी मां से स्कूल जाने के लिए साइकिल खरीदने को कहती थी। मां कोई ना कोई बहाना बनाकर टाल देती थी। क्योंकि घर में आर्थिक तंगी थी। ऐसे में वह साइकिल नहीं खरीद सकी थी।
शुक्रवार को साइकिल खरीदने की बात को लेकर खुशी कुछ ज्यादा ही नाराज हो गई थी। स्थानीय लोगों की माने तो वह घर से पढ़ने के लिए निकली थी, और स्कूल जाने के बजाय सीधे मांझी के जयप्रभा सेतु पर जाकर सरयू नदी में छलांग लगा दिया। वहीं दूसरी तरफ मां अपने बेटी को तलाशने के लिए रिश्तेदारों के यहां पता लगा रही थी। रविवार को उसका शव सरयू नदी में उतराया हुआ पाया गया। चांद दियर चौकी इंचार्ज श्याम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

