Asarfi

Ballia : शिक्षा विभाग की समीक्षा में सीडीओ सख्त, अनुपस्थित बीईओ सदर का वेतन रोकने के निर्देश

width="500"

बलिया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सदर बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे अनुशासनहीनता और कार्यों के प्रति उदासीनता बताया। इसके चलते तत्काल प्रभाव से खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समग्र शिक्षा एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। विद्यालयों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं एवं शैक्षणिक स्तर की स्थिति पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शासन की प्राथमिकता वाले सीएम डैशबोर्ड के बिंदुओं की समीक्षा की गई। ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के अंतर्गत 19 पैरामीटर्स की संतृप्ति की स्थिति का आकलन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी मानकों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शीतकालीन अवकाश के बाद 16 जनवरी से विद्यालय खुलने को लेकर तैयारियों की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिया गया कि 10 फरवरी तक विद्यालयों के सभी जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण एवं नीलामी की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए और किसी भी परिस्थिति में बच्चों को जर्जर कमरों में बैठाकर पढ़ाई न कराई जाए। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने दो टूक कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *