
बलिया। जनपद में चार मार्च को होली मनाई जाएगी। इससे पहले जिले में 1627 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। इनमें 130 स्थानों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है, जहां पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सिकंदरपुर और रतसर जैसे इलाकों में मिश्रित आबादी होने के कारण अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
शहर व आसपास के क्षेत्रों में 67 स्थानों पर होलिका दहन होगा, जबकि रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में सर्वाधिक 170 स्थानों पर होलिकाएं जलाई जाएंगी। त्योहार को लेकर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक युवाओं की टोलियां तैयारियों में जुटी हैं। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
त्योहार के मद्देनजर सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। अगलगी या अन्य किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए अग्निशमन कर्मी भी सतर्क रहेंगे। प्रशासन द्वारा लोगों को संकरी गलियों, सड़कों, बिजली के तारों के नीचे, पेट्रोल पंप या ज्वलनशील पदार्थों के पास होलिका दहन न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही होलिका जलाने की अपील की गई है।
थाना क्षेत्रवार होलिका दहन के आंकड़े
सरकारी आंकड़ों के अनुसार रसड़ा में 170, गड़वार में 125, बैरिया में 142, भीमपुरा में 130, सिकंदरपुर में 98, उभांव में 97, बांसडीह रोड में 91, फेफना व पकड़ी में 70-70, बांसडीह में 68, सुखपुरा व हल्दी में 66-66, दोकटी में 59, नरहीं में 58, नगर क्षेत्र में 67, खेजुरी में 56, रेवती में 62, मनियर में 42, सहतवार में 41, दुबहड़ में 35 तथा चितबड़ागांव में 32 स्थानों पर होलिका दहन होगा।
ये स्थान संवेदनशील
नरही, गड़वार, फेफना, खेजुरी, नगरा, सिकंदरपुर, बैरिया और बांसडीह थाना क्षेत्रों के कई गांवों को संवेदनशील सूची में रखा गया है। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने लोगों से आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने की अपील की है।
सभी थानों को दिए गए हैं आवश्यक निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपाशंकर ने बताया कि सभी थानों में शांति समिति की बैठकें कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। हल्का बीट सिपाही और चौकीदार अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहेंगे। थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी लगातार चक्रमण करेंगे तथा पीआरवी वाहन भी सक्रिय रहेंगे।

