
बलिया। नरहीं थाना क्षेत्र के सोहांव गांव के पास रविवार की रात एक सनसनीखेज घटना में 20 वर्षीय युवक को उसके ही दोस्तों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के बक्सर निवासी आर्यन यादव को उसके ही कुछ दोस्तों ने बहला-फुसलाकर अपने साथ बाइक पर बैठाया। बताया जा रहा है कि आरोपी उसे छोड़ने के बहाने सोहांव गांव के सामने गंगा नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर ले गए। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान आर्यन को चार गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपाशंकर और क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। घायल को तत्काल सीएचसी नरहीं पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर वाराणसी रेफर कर दिया गया। घायल आर्यन यादव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसे उसके दोस्तों ने ही बुलाकर इस वारदात को अंजाम दिया। उसने आरोपियों के नाम भी उजागर किए हैं, जो बक्सर के जासो रोड के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बक्सर निवासी बम और बबलू यादव का नाम सामने आया है, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है और खतरे से बाहर है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।

