
बलिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में महिलाओं और बच्चियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षा, कला, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायी योगदान देने वाली महिलाओं और बालिकाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान और प्रतिसार निरीक्षक राम बेलास ने महिलाओं व बच्चियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है।
इसी क्रम में वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयुष विभाग के सहयोग से “वामा वेलनेस कैम्प” के तहत एक दिवसीय निःशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान ने किया। स्वास्थ्य शिविर में पुलिस कर्मियों और उनके आश्रितों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श व दवाएं दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि वामा सारथी का उद्देश्य पुलिस परिवार के सदस्यों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, बल्कि समाज के प्रति अपने नैतिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही है।

