
बलिया। जनपद के थाना बांसडीह पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 30,500 रुपये वापस कराए हैं। शेष धनराशि वापस दिलाने के प्रयास जारी हैं। जानकारी के अनुसार, कैथवली निवासी जितेन्द्र कुमार साहनी के खाते से 25 फरवरी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी कर 55,000 रुपये निकाल लिए गए थे। मामले की शिकायत पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा थाना बांसडीह में दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी)/नोडल साइबर सेल कृपा शंकर के निर्देशन में बांसडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धनराशि को होल्ड कराया। न्यायालय के आदेश के क्रम में 8 अप्रैल को 30,500 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से पीड़ित ने राहत की सांस ली और बलिया पुलिस का आभार व्यक्त किया। मामले में शेष धनराशि को भी वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।

