
बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में आगामी 22 फरवरी (रविवार) को प्रातः 10 बजे मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर गंगा बहुउद्देशीय सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, बलिया में आयोजित होगा। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अनिल कुमार झा द्वारा 19 फरवरी को प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रचार वाहन का संचालन सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया संजय कुमार गोंड द्वारा किया गया। यह प्रचार वाहन दीवानी न्यायालय परिसर, बलिया से निकलकर जनपद की समस्त तहसीलों का भ्रमण करते हुए आमजन को शिविर के महत्व एवं उपयोगिता की जानकारी देगा। साथ ही लोगों को 22 फरवरी को आयोजित शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेगा।
शिविर में निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसानों एवं दिव्यांगजनों से संबंधित योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल रहेंगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनसामान्य से अपील की है कि वे 22 फरवरी को प्रातः 10 बजे गंगा बहुउद्देशीय सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, बलिया में आयोजित मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में उपस्थित होकर अधिकाधिक लाभ प्राप्त करें।

