
जहां सीएम ने रखा था कदम, वहीं बनेगा भृगु मेडिकल कालेज
रोशन जायसवाल,
बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चार साल पहले बलिया में मेडिकल कालेज का सपना देखा था, वो समय था 19 अगस्त 2022 का, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में आयोजित बलिया बलिदान दिवस के कार्यक्रम में भरी सभा में उन्होंने यह एलान किया था कि बलिया में मेडिकल कालेज बहुत पहले बन गया होता, लेकिन जमीन नहीं मिलने के कारण सपना पूरा नहीं हो पाया। मेरी इच्छा थी कि बागियों की धरती पर मेडिकल कालेज बने, क्योंकि बलिया क्रांति का इतिहास पूरे विश्व में जाना जाता है। सच्ची श्रद्धांजलि तभी सार्थक होगी जब बलिया में मेडिकल कालेज बनेगा लेकिन विडंबना यह रही कि जिम्मेदार अफसर और जनप्रतिनिधि मेडिकल कालेज के लिये जमीन की तलाश नहीं कर पाएं।
सीएम योगी ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि यदि दयाशंकर सिंह मेडिकल कालेज के लिये जमीन उपलब्ध करा देते है तो मैं उसे कैबिनेट में मंजूरी दे दूंगा। सीएम के आदेश को गंभीरता से लेते हुए जमीन की तलाश के लिये मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र को भी जिम्मेदारी दी गई थी। दो दिनों तक मुख्य सचिव के साथ अफसर मेडिकल कालेज के लिये जमीन की तलाश में जुट गए। उस समय जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल थीं।

मेडिकल कालेज के लिये पहली जमीन राजकीय इंटर कालेज परिसर में देखा गया लेकिन वहां पर तकनीकी कारणों के चलते जमीन फाइनल नहीं हो पाया। उसके बाद परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जिला कारागार की जमीन को संज्ञान में लिया और इसके लिए प्रस्ताव तैयार कराया। सबसे खुशी की बात है कि जहां मुख्यमंत्री योगी के बलिया बलिदान दिवस के खास दिन जिला कारागार परिसर में कदम पड़े थे, आज वहीं मेडिकल कालेज बनने जा रहा है और सीएम योगी का सपना साकार होने जा रहा है। सीएम योगी ने मेडिकल कालेज का शासनादेश जारी करते हुए 437 करोड़ की स्वीकृति भी दे दी।

भृगु मुनि के नाम पर होगा मेडिकल कालेज का नाम
जिले में स्वीकृत महात्वाकांक्षी मेडिकल कालेज की सभी बाधाओं को खत्म करते हुए प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इसका शासनादेश जारी कर दिया। मेडिकल कालेज महर्षि भृगु मुनि के नाम पर होगा और इसके लिए सरकार ने शासनादेश में 437 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। ऐसे में सब कुछ ठीक रहा तो इस महीने के अंत तक मेडिकल कालेज का शिलान्यास भी हो जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जिले के लिए यह बहुत बड़ी परियोजना है जिसे मुख्यमंत्री ने हरी झंडी देकर साधुवाद का काम किया है।
ढाई एकड़ में बनेगा चित्तु पांडेय स्मारक
मेडिकल कालेज कुल 14 एकड़ में बनेगा जिसमें जेल परिसर के ढाई एकड़ एरिया में अमर सेनानी चित्तू पांडेय स्मारक के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है। ऐसे में मेडिकल कालेज के साथ इसका भी निर्माण जिले के सेनानियों के गरिमानुरुप कराया जाएगा। कहा कि मेडिकल कालेज के शिलान्यास की तिथि जल्द तय की जाएगी। इसमें प्रयास है कि इसका शिलान्यास मुख्यमंत्री से ही कराया जाए। कहा इसके साथ ही मंगलवार का दिन परिवहन विभाग के लिए भी काफी महत्वपूर्ण रहा है।
रसड़ा व बिल्थरारोड का बस अड्डा होगा पीपीपी माडल पर
कैबिनेट में मंगलवार को परिवहन विभाग के कुल तीन प्रस्ताव स्वीकृत हुए जिसमें पीपीपी मॉडल पर बनने वाले 49 बस अड्डे भी शामिल हैं। इन 49 बस अड्डों में बलिया के रसड़ा व बिल्थरारोड का भी बस अड्डा शामिल है जो पीपीपी मोड पर विकसित किए जाएंगे। यह परियोजना भी बलिया के लिए काफी बड़ी है। कहा बलिया विकास के मामले में किसी भी दृष्टिकोण से पीछे नहीं रहेगा। चुनाव से पूर्व जो भी वादे किए गए हैं वो सभी पूरे किए जाएंगे।

