Ballia : पेड़ से टकरायी अनियंत्रित बुलेट, सपा नेता के इकलौते पुत्र की हुई मौत

बांसडीह। शनिवार देर रात्रि बांसडीह बलिया मुख्य मार्ग पर बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सहपुरवा ग्राम सभा के पास अनियंत्रित बुलेट मोटर साईकिल पेड़ से टकरा गई। घटना में कस्बे के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगो ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दिया। मौके पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय ले गई जहां एक घायल युवक को मृत घोषित कर दिया वही एक घायल को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उचित इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार बांसडीह कस्बे के वार्ड न एक उत्तर टोला निवासी सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष यदुनाथ सिंह के एकलौते पुत्र प्रकाश कुमार सिंह वार्ड नंबर चार निवासी अपने मित्र प्रिंस कुमार तिवारी पुत्र विजय शंकर तिवारी के साथ बलिया जा रहे थे। शहपुरवा गांव के पास इनकी तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बुलेट मोटर साइकिल के परखच्चे उड़ गए। वही बुलेट सवार प्रकाश सिंह और प्रिंस तिवारी (अंशु) गंभीर रूप से सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना स्वजनों को मिली तो मृतक के घर पर कोहराम मच गया।
रविवार की सुबह कस्बे के लोग शोक सांत्वना देने मृतक के घर पहुंचने लगे। घटना के बाद एकलौते पुत्र की मौत के बाद पिता यदुनाथ सिंह भी बदहवास हालात में है उनको कुछ सूझ ही नहीं रहा था कि क्या हुआ है। वह एक ही रट लगाए है कि मेरा बेटा अब नहीं रहा। मृतक की माता का भी कुछ वर्ष पहले स्वर्गवास हो चुका है। पति की असामयिक मृत्यु से उनकी पत्नी गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। गुड़िया देवी अपने गोद में डेढ़ वर्ष का बच्चा लेकर बदहवाश हालात में है।
निजी बैंक का फाइनेंस कर्मी था मृतक
मृतक प्रकाश सिंह एक निजी बैंक के फाइनेंस कर्मी थे जो बिहार के पटना में कार्यरत थे। अभी एक दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर घर आए थे। वे रविवार देर रात अपने एक शुभचिंतक के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मित्र अंशु तिवारी के साथ महावीर घाट गंगा तट की ओर जा रहे थे। नियति को कुछ और ही मंजूर था, और वे बीच रास्ते में ही इस भीषण दुर्घटना का शिकार हो गए।

