
रसड़ा (बलिया)। क्षेत्र के कोटवारी गांव स्थित एक बड़ी हवेली से बुधवार दोपहर से लापता 12 वर्षीय रिजवान शाह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
कोटवारी निवासी खलील शाह का 12 वर्षीय पुत्र रिजवान शाह बुधवार को दोस्तों के साथ खेलते समय दोपहर करीब तीन बजे से लापता हो गया था। उसकी मां शेरून नेसा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र अचानक घर से गायब हो गया। गुरुवार को पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
शनिवार सुबह गांव की बड़ी हवेली के अंदर एक कोठरी में संदिग्ध हालत में रिजवान का शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार शव से हल्की दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत करीब 24 घंटे पहले हुई होगी।
जहां मिला शव, वहां पहले भी की गई थी तलाश
परिजनों का कहना है कि जिस जगह से शव बरामद हुआ है, वहां पहले भी खोजबीन की गई थी, लेकिन उस समय कुछ नहीं मिला था। इससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

