Asarfi

Ballia : काशी विश्वनाथ की तर्ज पर बलिया में बनेगा भृगु मंदिर कारीडोर, 50 करोड़ रूपये स्वीकृत

width="500"

बलिया। जनपद के प्राचीन आस्था के केंद्र महर्षि भृगु मंदिर के विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भृगु मंदिर कारिडोर परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है, साथ ही इसके लिए 50 करोड़ रुपये की धनराशि भी मंजूर की गई है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शनिवार को बताया कि यह परियोजना संकल्प पत्र में किए गए वादे का हिस्सा थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है। भृगु मंदिर कारिडोर का निर्माण श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर किया जाएगा।

इस परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर का विस्तार और सुंदरीकरण, चौड़े एवं सुव्यवस्थित गलियारे, बेहतर आवागमन व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और पर्यटन विभाग द्वारा तैयार प्रस्ताव में भूमि अधिग्रहण, संरचनात्मक विकास और आकर्षक डिजाइन पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि मंदिर को भव्य धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। महर्षि भृगु का बलिया स्थित यह मंदिर हजारों वर्षों से श्रद्धा का केंद्र रहा है।

कारोडीर बनने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी पहचान
कारिडोर बनने के बाद न केवल मंदिर की भव्यता बढ़ेगी, बल्कि इसे राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में पहचान मिलेगी। श्रद्धालुओं के लिए भीड़ प्रबंधन और दर्शन व्यवस्था बेहतर होगी, पेयजल, शौचालय, बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित होंगी। इसके अलावा, आसपास की सड़कें, गलियां और बाजार आधुनिक स्वरूप में ढलेंगे। होटल, दुकान, गाइड और परिवहन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय व्यापारियों की आय में वृद्धि होगी।
इस परियोजना का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह कदम बलिया के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। भृगु मंदिर कारिडोर का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्राप्त होगा।

श्रद्धालुओं के लिये आकर्षण का केंद्र बनेगा भृगु मंदिर कारीडोर
महर्षि भृगु मंदिर का विकास न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी सहायक सिद्ध होगा। बलिया के इस प्राचीन मंदिर का नवीनीकरण और विस्तार, इसे एक अद्वितीय धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करेगा, जो आने वाले समय में श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *