Ballia :एडीएम ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, कटान पीड़ितों को मिलेगी तत्काल राहत

मुहम्मदपुर में 20 झोपड़ियां बाढ़ की चपेट में, 24 घंटे में राहत धनराशि देने का निर्देश
बलिया। जिले में गंगा और घाघरा की बाढ़ से हो रही तबाही के बीच सोमवार को अपर जिलाधिकारी त्रिभुवन ने शहर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका परिषद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुहम्मदपुर का दौरा किया, जहां कटान और अतिवृष्टि के चलते कई घरों को नुकसान पहुंचा है।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गांव में चार पक्के और बीस कच्चे/झोपड़ीनुमा घर कटान की चपेट में आ चुके हैं। वहीं अतिवृष्टि के कारण दो झोपड़ियां पूरी तरह से गिर गईं।
एडीएम त्रिभुवन ने मौके पर मौजूद राहत व राजस्व टीम को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित परिवारों के बैंक खाता विवरण तत्काल लेकर राहत राशि 24 घंटे के भीतर उनके खातों में भेजी जाए। इसके अलावा, सभी पीड़ितों को राशन किट वितरित की जा रही है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि किसी भी परिवार को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी रखने, राहत कार्यों में लापरवाही न बरतने और जनता से समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

