Ballia : हर बुरे इंसान को सुधरने का मौका देते है भगवान : त्यागी बाबा

बेरुआरबारी (बलिया)। इंसान चाहे कलियुग में हो, चाहे सतयुग में उसे अपने कर्मों का हिसाब-किताब तो देना ही पड़ता है। जिसने जैसे कर्म संसार में किए हैं, उन्हीं के अनुसार उसे अपने कर्मों का फल भोगना भी पड़ेगा। यही संसार का नियम है। इसीलिए अच्छे कर्म करने तथा बुरे कर्मों से बचने की सलाह दी जाती है।
उक्त बातें क्षेत्र के ग्राम पंचायत सूर्यपुरा बुढ़िया माई मंदिर प्रांगण में चल रहे पंचकुंडात्मक नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ के चौथे दिन प्रवचन के दौरान श्री श्री 108 महंत रामनारायण दास जी महराज (त्यागी बाबा) ने उपस्थित भक्तों से कहा कि भगवान हर बुरे व्यक्ति को भी सुधरने का मौका देता है और हर अच्छे व्यक्ति की अच्छाई की परीक्षा भी लेता है। संसार में आज कई लोग कहते हैं कि बेईमानी से जीवन जीओ तो मौज करोगे, लेकिन यह मौज थोड़े समय का है, क्योंकि जैसे ही पुण्य का फल क्षीण होगा, उसके बाद जो भोगना होगा, वो बेहद मुश्किल होगा।

मथुरा वृन्दावन से आए रासलीला में भगवान श्रीकृष्ण को राक्षसी पुतना द्वारा घर से चुराना तथा दूध पिला मारने के प्रयास के दौरान श्रीकृष्ण द्वारा पुतना का वध हुआ। यज्ञाचार्य पंडित शिवचन्द पांडेय शास्त्री बिहार के द्वारा सभी कार्यक्रम मंत्रोच्चारण के बीच विधि पूर्वक सम्पन्न कराया जा रहा है। श्री यज्ञाचार्य ने बताया कि मंडप की परिक्रमा करने से व्यक्ति को सुख, शांति, आरोग्य, दीर्घायु और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। यह यज्ञ दुर्भाग्य को भी दूर करता है और भक्तों के लिए पुण्य लाभ लाता है।
परिक्रमा करते समय ध्यान केंद्रित रखने से एकाग्रता बढ़ती है और फल अधिक प्राप्त होता है। इस भीषण गर्मी के बीच भक्त 24 घंटे 48 घंटे का संकल्प ले मंडप परिक्रमा कर रहे हैं। जिससे मंडप परिक्रमा करने वाले लोगों की खूब भीड़ उमड़ रही है। भक्तों के जयकारे विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चारण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। यज्ञ में पूजा कमेटी के सदस्यों का सहयोग सराहनीय है।

