Ballia : मनियर में खिला कमल, 2135 वोटों के अंतर से जीती भाजपा

बांसडीह (बलिया)। बांसडीह तहसील क्षेत्र के मनियर नगर निकाय के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी को हराकर जीत दर्ज किया है। नपं मनियर अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार बुचिया देवी ने सपा उम्मीदवार धनवती देवी को 2135 वोटों के अंतर से हराकर चुनाव में जीत दर्ज किया है। चुनाव अधिकारी देवमणि मिश्रा ने बुचिया देवी के चुनाव एजेंट कुंवर विजय सिंह पप्पू को जीत का प्रमाण पत्र दिया।

बांसडीह इंटर कालेज में नपं मनियर के अध्यक्ष पद उपचुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे ही शुरू हुआ। प्रथम चक्र से ही भाजपा उम्मीदवार बुचिया देवी सपा उम्मीदवार धनवती देवी से आगे चल रही थी। पांच चक्र की मतगणना में बुचिया देवी सभी चक्र में धनवती देवी से आगे रही। बुचिया देवी ने कुल 5158 मत तथा धनवती देवी ने 3023 मत प्राप्त किया। निर्दल सुभावती को 328 तथा देवान्ती को 107 मत प्राप्त हुआ। उपचुनाव में कुल 8854 मत पड़े थे। 221 मत अवैध घोषित किया गया। वही नोटा का भी कुल 17 मत मिले। कुल 8633 सही मतों में से प्रत्याशियों ने मत प्राप्त किया। मतगणना के दौरान सीआरवो त्रिभुवन, एडिशनल एसपी अनिल झा, एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ प्रभात कुमार, तहसीलदार नितिन सिंह आदि सुरक्षा में तैनात रहें।

मनियर की जनता की जीत है: कुंवर विजय
चुनाव एजेंट कुंवर विजय सिंह ने इस जीत को मनियर की जनता की जीत बताते हुए मनियर की जनता को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जो विश्वास हम पर मनियर की जनता ने किया है हम उनके विश्वास को मनियर का कोने कोने का विकास कर उनके विश्वास को मजबूत बनाएंगे।
मनियर उपचुनाव की मतगणना के लिए इंटर कालेज परिसर में पूरी तरह से सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था रही। मतगणना से पहले प्रत्याशियों के एजेंट की पूरी तरह से जांच कर मतगणना स्थल तक जाने दिया गया।कई थानों की फोर्स के साथ पीएसी भी तैनात रही।
मतगणना स्थल पर मीडियाकर्मी रहे प्रतिबंधित
मनियर उपचुनाव में मतगणना स्थल पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मीडिया पूरी तरह से प्रतिबंधित रहा। बाद में मीडियाकर्मियों द्वारा अधियारियों से वार्ता के बाद थोड़े समय के लिए प्रवेश मिला लेकिन तुरंत बाद मतगणना स्थल से बाहर जाने के लिए कहा जाने लगा। इससे मीडियाकर्मियों में काफी रोष रहा।

