
कुछ शिकायतों का मौके पर निस्तारण, शेष के लिए अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच के निर्देश
बलिया। तहसील रसड़ा में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष जांच के बाद समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से सुना। इस दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया। वहीं, अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर जाकर जांच करने तथा निर्धारित समयावधि में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में महज औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच कर फरियादी को गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। महिला अपराध से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को ऐसी शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए। डीएम और एसपी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

