
नौ अखाड़ों से निकलेगा जुलूस, छह हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा की कमान, करतब दिखाएंगे युवा
बलिया। महावीरी झंडा जुलूस को लेकर शहर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। 28 अगस्त को निकलने वाले जुलूस में विभिन्न अखाड़ों के युवा अपने पारंपरिक करतब दिखाएंगे। जुलूस को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशुनीपुर में बैरिकेडिंग की जा रही है।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह लगातार जुलूस की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। शहर में कुल नौ अखाड़े हैं। इनमें नगर कमेटी और मिड्ढी अखाड़े का जुलूस एक साथ चलेगा। इसके अलावा विजयीपुर, टाउन हाल, लोहापट्टी, चमन सिंह बाग रोड, बालेश्वर घाट, सिनेमा रोड और गुदरी बाजार अखाड़ों की ओर से भव्य जुलूस निकाला जाएगा।
जुलूस के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो, इसके लिए शहर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पूर्वांचल के कई जनपदों से करीब छह हजार पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को लेकर भी डायवर्जन लागू किया गया है।

