
लखनऊ। रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रदेश में अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 26 से 31 अगस्त तक अधिक से अधिक बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान परिवहन निगम की शत-प्रतिशत बसों को सड़क पर उतारने की तैयारी है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन पर लोग पूर्वी क्षेत्रों के लिए अधिक यात्रा करते हैं। यात्रियों की मांग के अनुसार पूर्वी क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बसें संचालित की जाएं। बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यकता के अनुसार दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली होते हुए पूर्वी क्षेत्रों के लिए गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली और लखनऊ से अलग-अलग मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों से पश्चिमी क्षेत्रों के लिए भी जरूरत के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
बस संचालन से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों, परिचालकों और अन्य कर्मचारियों को विशेष अवधि में अवकाश स्वीकृत नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना अनुमति कार्यस्थल से अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सभी अनुबंधित बसों का भी अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
चालकों-परिचालकों को मिलेगा प्रोत्साहन
रक्षाबंधन अवधि में चालकों, परिचालकों और कर्मचारियों के लिए विभागीय प्रोत्साहन योजना भी लागू होगी। निर्धारित अवधि में 1800 किलोमीटर का संचालन पूरा करने पर 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं 1800 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त राशि दी जाएगी।

