
खनवर से बयासी गंगा घाट तक हजारों लोगों की उमड़ी भीड़, बेटे प्रिंस युकेश ने दी मुखाग्नि
उमाशंकर सिंह अमर रहे के नारों से गूंजा पूरा रास्ता, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
बलिया। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह की अंतिम यात्रा शुक्रवार को जनसैलाब में तब्दील हो गई। पैतृक गांव खनवर से लेकर बलिया शहर के बयासी गंगा घाट तक हजारों की संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन और विदाई के लिए उमड़ पड़े। पूरे मार्ग में उमाशंकर सिंह अमर रहें के नारों से माहौल गूंजता रहा। लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी।
खनवर स्थित आवास पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और हजारों समर्थकों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों का सिलसिला कई घंटों तक जारी रहा।

अंतिम यात्रा खनवर स्थित आवास से शुरू होकर बछईपुर, सलेमपुर, चोगड़ा, कुकुरहा, हजौली और चिलकहर होते हुए बलिया शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर बयासी गंगा घाट पहुंची। रास्ते भर जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। कई स्थानों पर ग्रामीण, व्यापारी और सामाजिक संगठनों के लोग सड़क किनारे खड़े होकर अंतिम दर्शन करते रहे।
बेटा युकेश और अनुज रमेश सिंह दिखाई दिए भावुक
बलिया। अंतिम यात्रा के दौरान विधायक के अनुज रमेश सिंह और पुत्र प्रिंस युकेश सिंह बेहद भावुक दिखाई दिए। दोनों की आंखों से लगातार बहते आंसुओं ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। बड़ी संख्या में समर्थक परिवार को ढांढस बंधाते रहे और यह भरोसा दिलाते रहे कि पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है।

राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
बयासी गंगा घाट पर धार्मिक रीति-रिवाजों और पूरे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधायक उमाशंकर सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र प्रिंस युकेश सिंह ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ।
डीएम-एसपी ने दी विधायक को श्रद्धांजलि
इससे पहले जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने खनवर स्थित आवास पहुंचकर दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उपजिलाधिकारी रणधीर सिंह की मौजूदगी में पुलिस के जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ सलामी दी।
अंतिम यात्रा के दौरान तैनात रहा प्रशासन
अंतिम यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा, जिससे अंतिम यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
उमाशंकर सिंह पूर्वांचल की राजनीति का एक बड़ा चेहरा माने जाते थे। लगातार तीन बार रसड़ा विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाले इस जननेता के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। अंतिम यात्रा में उमड़ी अभूतपूर्व भीड़ ने उनके प्रति जनता के गहरे स्नेह, सम्मान और लोकप्रियता की एक बार फिर मिसाल पेश की।

