
बलिया। टीडी कॉलेज में बुधवार को महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. रामकुंवर यादव के निधन पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। शिक्षक-कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद वक्ताओं ने डॉ. यादव के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दयालानंद रॉय ने कहा कि डॉ. रामकुंवर यादव ने कुशल प्रशासक के रूप में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने विश्वविद्यालयीय परीक्षाओं को नकलमुक्त कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए और इसके लिए जोखिम उठाने से भी पीछे नहीं हटे। उनकी कर्मठता और कार्यकुशलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टीडी कॉलेज से सेवानिवृत्त होने के बाद भी उन्होंने पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दीं।
प्राचार्य ने कहा कि डॉ. यादव के निधन से महाविद्यालय परिवार मर्माहत है। इस दुख की घड़ी में पूरा महाविद्यालय परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है। शोकसभा में प्रो. रामनरेश यादव, प्रो. विनीत नारायण दुबे, प्रो. अशोक सिंह, प्रो. बृजेश सिंह, प्रो. जैनेन्द्र पांडेय, प्रो. अनुराग भटनागर सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और कई नए-पुराने छात्रनेता मौजूद रहे।

