
बलिया। विकास खंड नगरा के तुर्की गांव में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने सोमवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड (निर्माण इकाई-19, आजमगढ़) द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण में पाया गया कि मुख्य विद्यालय भवन के भूतल और प्रथम तल का चिनाई कार्य पूरा हो चुका है। दूसरे तल पर चिनाई के साथ प्लास्टर और पुट्टी का कार्य जारी है। मिड-डे मील भवन के भूतल एवं प्रथम तल तथा मल्टीपरपज हॉल का प्लास्टर कार्य भी पूर्ण हो चुका है। वहीं स्टाफ आवास, डॉरमेट्री तथा प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्य आवासों का सुपरस्ट्रक्चर और स्लैब कास्टिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। विद्यालय परिसर में 30 आधुनिक कक्षाएं और एक बालवाटिका का निर्माण किया जा रहा है। यहां लगभग 100 शिक्षकों की तैनाती प्रस्तावित है, और भी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
सीडीओ ने निरीक्षण के दौरान पाया कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की संख्या अपेक्षा से कम थी। इस पर उन्होंने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए तत्काल श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। वहीं सीवर पाइप टेढ़ी लगी मिलने पर उसे उखाड़कर मानक के अनुरूप दोबारा लगाने का आदेश दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को सितंबर 2026 तक निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परिसर के निकट उपलब्ध शेष भूमि पर राजकीय इंटर कॉलेज और मिनी स्टेडियम बनाए जाने का भी प्रस्ताव है।

