
बलिया। जनपद के मनियर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घाघरा नदी किनारे बालू में छिपाकर रखी गई 270 पेटी अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 6.68 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार यह शराब बिहार में तस्करी के उद्देश्य से संग्रहित की गई थी।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश चन्द्र शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
शनिवार को उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिजलीपुर स्थित घाघरा नदी के किनारे बालू के नीचे भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर बालू हटाकर खुदाई करने पर बालू के नीचे दबाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने सभी पेटियों को कब्जे में लेकर थाना मनियर में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बरामद 270 पेटियों में कुल 12,150 पाउच बंटी-बबली ब्रांड की शराब थी, जिसकी मात्रा लगभग 2,430 लीटर है। इसकी अनुमानित कीमत 6,68,250 रुपये आंकी गई है।

