Asarfi

Ballia : नगर पालिका बलिया में वित्तीय अनियमितता का मामला गरमाया, दो लिपिकों से छीना गया प्रभार

width="500"

बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मेसर्स केडी कंस्ट्रक्शन, मऊ के पक्ष में बिना प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के कोटेशन और निविदा आमंत्रित करने, अनुचित तरीके से कार्यादेश जारी करने तथा छह लाख एक हजार 384 रुपये के भुगतान संबंधी चेक तैयार कराने के मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद के चेयरमैन संत कुमार उर्फ मिठाई लाल की ओर से निर्माण एवं लेखा अनुभाग के कर्मचारियों के प्रभार में तत्काल बदलाव के आदेश जारी किए गए हैं।


जारी आदेश के अनुसार निर्माण अनुभाग में तैनात लिपिक श्याम जी से तत्काल प्रभाव से प्रभार वापस लेते हुए अधिष्ठान एवं पेंशन लिपिक कृष्ण राघव मिश्रा को निर्माण अनुभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें संबंधित सभी पत्रावलियां और अभिलेख सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं लेखा अनुभाग में तैनात राजाराम रावत से भी प्रभार हटाकर कैशियर अजय कुमार खरवार को लेखा अनुभाग की जिम्मेदारी दी गई है। आदेश में बैंक चेक बुक, चेक रजिस्टर और अन्य अभिलेख तत्काल हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश वित्तीय अनियमितता की जांच के मद्देनजर जारी किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना या जांच को प्रभावित करने की कोशिश को गंभीर अपराध मानते हुए बिना नोटिस विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *