
बलिया। बिहार-यूपी बॉर्डर पर बने नए पुल के एप्रोच मार्ग पर सोमवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब खराब हुए ट्रक को देख रहे चालक को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे हल्की बारिश हो रही थी। बिहार की ओर से एक ट्रक भरौली की तरफ आ रहा था। नया पुल पार करने के बाद अचानक ट्रक एप्रोच मार्ग पर खराब हो गया। चालक अशोक यादव ट्रक रोककर नीचे उतरा और वाहन में आई खराबी को देखने के लिए पीछे की तरफ गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नरहीं पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण कुछ देर तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

