
बलिया l जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय परिसर में अवस्थित साधना केंद्र पर आयोजित शिव-शक्ति प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के प्रथम दिवस पर रविवार को भव्य कलश यात्रा एवं शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माणी मंदिर परिसर से हुआ। मंदिर परिसर में स्थित देवी विग्रह के पूजन के साथ विभिन्न देवी- देवताओं का पूजन एवं आवाहन किया गया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां भगवती से समाज के कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। तत्पश्चात विधि- विधान के साथ श्रद्धालु जनों के कलशों का पूजन हुआ और मन्त्रोच्चार कर सप्त नदियों का आवाहन किया गया। पवित्र जल से पूरित कलशों को सिर पर लेकर श्रद्धालु जनों की शोभा यात्रा का विश्वविद्यालय परिसर के लिए प्रस्थान हुआ।

शोभा यात्रा पूरे श्रद्धा एवं उत्साह के साथ विभिन्न मार्गों से होती हुई परिसर पहुँची, जहाँ काशी से आए आचार्य अश्वनी कुमार पाराशर, अमित कुमार मिश्रा, दीपक मिश्रा, देवराज पाण्डेय, धनंजय तिवारी आदि वैदिक विद्वानों द्वारा यह अनुष्ठान संपन्न कराया गया। शोभा यात्रा में साथ परिसर के प्राध्यापक गण, कर्मचारी गण सहित क्षेत्रीय श्रद्धालु शामिल रहे। परिसर स्थित साधना केन्द्र के विभिन्न विग्रहों के प्राण- प्रतिष्ठा हेतु आगामी 5 दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम एवं अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
इस यज्ञ के यजमान कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता एवं उनकी अर्धांगिनी डॉ. नीरा गुप्ता, वित्त अधिकारी आनंद दूबे एवं उनकी अर्धांगिनी अर्चना दूबे, डॉ. तृप्ति तिवारी एवं डॉ. राजेश शुक्ल, अजय उपाध्याय आदि रहे। इस आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित हुआ जिसमें परिसर के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण, विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता की सहभागिता रही।

