
बलिया। जिले के सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में रेलवे स्टेशन निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। सलेमपुर लोकसभा के समाजसेवी योगेश्वर सिंह ने 24 मार्च भारत सरकार के रेल मंत्री के कार्यालय जाकर सिकंदरपुर में रेलवे स्टेशन बनाए जाने के संबंध में पत्रक सौंपा है।
पत्रक में उन्होंने उल्लेख किया है कि आजादी के 78 वर्ष बीत जाने के बावजूद सिकंदरपुर अब तक रेलवे मानचित्र पर स्थान नहीं पा सका है। यहां के लोगों को ट्रेन यात्रा के लिए बलिया और बिल्थरारोड जैसे अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
उन्होंने बताया कि एक समय सिकंदरपुर क्षेत्र गुलाब की खेती और इत्र उद्योग के लिए प्रसिद्ध था, लेकिन रेलवे सुविधा के अभाव में यह क्षेत्र अब पिछड़ता जा रहा है। यदि यहां रेलवे स्टेशन बनता है और ट्रेनों का संचालन शुरू होता है, तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी, व्यापार बढ़ेगा और आवागमन सुगम होगा।
योगेश्वर सिंह ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि पूर्व रेल मंत्री कमलापति त्रिपाठी और लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में बांसडीह रोड से मधुबन, दोहरीघाट, गोरखपुर होते हुए सजनवा तक नई रेलवे लाइन बिछाने की योजना बनाई गई थी और सर्वे का कार्य भी पूरा हो चुका था। लेकिन बाद में यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई। उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि इस योजना को पुनः शुरू कर सिकंदरपुर में रेलवे स्टेशन का निर्माण कराया जाए, जिससे क्षेत्र के विकास के साथ-साथ आम जनता को भी सस्ती और सुलभ यात्रा सुविधा मिल सके।

