Ballia : 24 घंटे के बाद भी मोबाइल तक नहीं पहुंची रेलवे पुलिस

परिवार परेशान, न्याय के लिये रेलवे से लगाई गुहार
बलिया। गाजियाबाद से बलिया के लिये ट्रेन से चले एक परिवार से पर्स चोरी के मामले में 24 घंटे बीतने के बाद भी रेलवे पुलिस चोर तक नहीं पहुंच सकी है। पर्स में लगभग 10 लाख के गहने, नगदी, मोबाइल और जरूरी कागजात थे जिसे अभी तक रेलवे पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। हालांकि रेलवे पुलिस को चोरी गए मोबाइल का लोकेशन अयोध्या में बता रहा है। वहीं रेलवे पुलिस चोरी के खुलासे में जुटी हुई है। पीड़ित परिवार ने न्याय के लिये रेलवे से गुहार लगाई है।
बता दें कि पीड़ित मधुरेश अग्रहरि अपनी पत्नी पंखुरी अग्रहरि के साथ गाजियाबाद से श्रीराम विहार कालोनी बलिया के लिये लोकनायक एक्सप्रेस चले थे। इसी बीच जब ट्रेन अकबरपुर से आगे बढ़ी, पीड़ित परिवार को पर्स सहित मोबाइल गायब मिला। काफी खोजने पर भी पर्स का पता नहीं चला। पर्स में सोने का मंगलसूत्र, डायमंड लाकेट, गले का सोने का सेट, पांच अंगुठी, चांदी का पायल, दो कान का झूमका, पांच हजार नगद, मोबाइल, पेन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड आदि कागजात थे। मधुरेश अग्रहरि ने इसकी जानकारी बलिया जीआरपी थाने में लिखित रूप से दी है।
घटना के बाद मधुरेश अग्रहरि और उनकी पत्नी पंखुरी अग्रहरि ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है। कहा कि लखनऊ से शाहगंज तक कोई स्कार्ट नहीं चला। यही नहीं अकबरपुर एक नया स्टेशन बना है जहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं।

