
बलिया। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज की अध्यक्षता में गुरूवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रधानाचार्यों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाते हुए अत्याधुनिक लैब की स्थापना और उनके प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करना रहा। बैठक में सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यावसायिक शिक्षा लैब अनिवार्य रूप से क्रियाशील रहें। उन्होंने कहा कि लैब केवल शो-पीस बनकर न रहें, बल्कि छात्रों के नियमित प्रशिक्षण में इनका उपयोग सुनिश्चित किया जाए। लैब में सामग्री रखकर उसे बंद रखना या लाइब्रेरी की तरह लॉक रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
सीडीओ ने सभी चयनित लैब में वॉल पैनलिंग कार्य प्राथमिकता से कराने पर जोर देते हुए आधुनिक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रत्येक लैब में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने, पावर स्विच बोर्ड, विद्युत कनेक्शन और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जानकारी दी गई कि व्यावसायिक शिक्षा के लिए लगभग 1.20 करोड़ रुपये की शिक्षण सामग्री 25 फरवरी 2026 तक सभी संबंधित विद्यालयों में पहुंचा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, छात्रों के बैठने के लिए गुणवत्तापूर्ण फर्नीचर की व्यवस्था करने तथा पढ़ाई के अनुकूल उच्च स्तरीय शैक्षणिक माहौल विकसित करने पर भी बल दिया गया।
सीडीओ ने बताया कि इन लैब के माध्यम से आईटी, डेटा एंट्री और रिटेल सर्विस जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में छात्रों को विधिवत स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे वे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। आवश्यकता पड़ने पर लैब के रखरखाव और सुविधाओं के विस्तार के लिए ग्राम पंचायत एवं विकास खंड स्तर से सहयोग लेने के भी निर्देश दिए गए।

