
बलिया। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने शनिवार को मनियर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता और कार्य की गति का गहनता से जायजा लिया गया। इस योजना के तहत बलिया जनपद के चार विकास खंडों के ग्रामों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराए जाने की तैयारी है।

निरीक्षण के दौरान प्लांट का निर्माण कार्य फिलहाल बंद पाया गया। इस पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि रुका हुआ कार्य जनवरी माह के अंत तक पुनः शुरू कर दिया जाएगा। इस पर सीडीओ ने तत्काल लेबर और पूरी टीम को मोबाइलाइज कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने परियोजना के सभी प्रमुख कंपोनेंट्स का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। पाइपलाइन, फिल्टर यूनिट और स्टोरेज टैंक की स्थिति देखी गई। क्लियर वॉटर रिजर्वायर और क्लेरिफायर का कार्य गुणवत्ता की दृष्टि से संतोषजनक पाया गया, जबकि फिल्टर चौंबर का कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
ओवरहेड टैंक के कार्य की धीमी प्रगति पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कंपनी तथा जल निगम के अधिकारियों को सभी बाधाएं दूर कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जहां-जहां टैंक का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां तत्काल पानी की गुणवत्ता जांच (वॉटर टेस्टिंग) कराने को कहा गया।
सीडीओ ने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी ग्राम में पानी का प्रेशर कम न हो, आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पंप सेट की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही बिजली विभाग से समन्वय स्थापित कर विद्युत कार्य तुरंत शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान जल निगम (ग्रामीण) के सहायक अभियंता श्री विवेक राय, कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

